एक दुल्हन, दो दूल्हे… फिर भी नहीं हुई शादी, दोनों बरात लौटीं खाली हाथ
मुजफ्फरनगर जिले के खतौली क्षेत्र के एक गांव में शादी उस समय चर्चा का विषय बन गई जब एक ही दुल्हन के लिए दो अलग-अलग जगहों से बरात पहुंच गई। मामले में दुल्हन की उम्र को लेकर विवाद खड़ा हो गया, जिसके बाद दोनों दूल्हों को बिना फेरे लिए ही अपनी-अपनी बरात लेकर वापस लौटना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक दुल्हन के पिता ने करीब छह महीने पहले बाबरी निवासी प्रदीप उर्फ अनिल के साथ बेटी की शादी तय की थी। शादी से ठीक एक दिन पहले दूल्हे के भाई का निधन हो गया। इसके बाद दूल्हे पक्ष की ओर से बरात को लेकर कोई अंतिम सूचना नहीं दी गई।
इसी बीच दुल्हन के बाबा मनोहर ने शादी की तैयारियों को देखते हुए मेरठ के थाना मेडिकल क्षेत्र के गांव डिग्गी निवासी आकाश के साथ सोमवार शाम को ही नया रिश्ता तय कर दिया और शर्त रखी कि बरात मंगलवार को आएगी।
मंगलवार को मामला उस समय उलझ गया जब शामली और मेरठ से दोनों दूल्हे अपनी-अपनी बरात लेकर गांव पहुंच गए। एक ही दुल्हन के लिए दो बरात आने से मौके पर हंगामा खड़ा हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
इसी दौरान किसी ने दुल्हन के नाबालिग होने की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन को दे दी। टीम मौके पर पहुंची लेकिन परिजन दुल्हन की उम्र का कोई प्रमाणपत्र नहीं दिखा सके। इसके बाद टीम दुल्हन को अपने साथ ले गई और जिला अस्पताल के वन स्टॉप सेंटर में रखा गया।
चाइल्ड हेल्पलाइन के अधिकारियों के मुताबिक अब दुल्हन की उम्र का पता लगाने के लिए ओसिफिकेशन टेस्ट कराया जाएगा। इसके बाद उसे बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया जाएगा और उसी आधार पर आगे का फैसला होगा।
उधर दुल्हन की उम्र को लेकर विवाद बढ़ते ही दोनों दूल्हे अपनी-अपनी बरात लेकर वापस लौट गए। बताया गया कि दोनों बरात में करीब सात-सात बराती शामिल थे।
बताया जा रहा है कि दुल्हन का पूरा परिवार दिव्यांग है। माता-पिता और भाई-बहन भी दिव्यांग हैं, इसलिए शादी की अधिकांश तैयारियां गांव के लोगों ने मिलकर कराई थीं। फिलहाल अब दुल्हन की उम्र तय होने के बाद ही शादी को लेकर कोई निर्णय लिया जाएगा।
