शादी का झांसा देकर ठगी और वसूली करने वाला ‘लुटेरी दुल्हन गैंग’ गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सुल्तानपुर।
जनपद सुल्तानपुर पुलिस को एक शातिर ‘लुटेरी दुल्हन गैंग’ के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। यह गिरोह शादी का झांसा देकर युवकों को अपने जाल में फंसाता था और विवाह के बाद अतिरिक्त धनराशि की मांग कर ब्लैकमेलिंग व वसूली करता था। रकम न देने पर झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
पुलिस के अनुसार, 10 फरवरी 2026 को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 110 किलोमीटर स्थित कैंटीन के पास वादी के पुत्र को शादी के नाम पर फंसाया गया। विवाह संपन्न होने के बाद आरोपियों द्वारा 64 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग की गई। पैसा न देने पर झूठे बलात्कार और लड़की खरीद-फरोख्त जैसे गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी दी गई। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों को बुलाकर जान से मरवाने की धमकी भी दी गई।
राजस्थान से आया परिवार बना शिकार
11 फरवरी 2026 को वादी जगदीश पुत्र नानक राम, निवासी ग्राम मोहनपुरा गावणी, थाना बालघाट, जनपद करौली (राजस्थान) ने थाना धनपतगंज में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई। वादी के अनुसार, वह अपने पुत्र रोहिताश की शादी के लिए देवरिया आए थे। शादी के बाद जब वे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के पास पहुंचे, तो शशि और सुमन नामक महिलाओं ने वाहन रुकवाकर 64 हजार रुपये की मांग की।
डर के कारण वादी ने तत्काल 7 हजार रुपये दे दिए, लेकिन आरोपियों द्वारा लगातार और पैसे की मांग की जाती रही। साथ ही पुलिस बुलाकर फंसाने की धमकी दी गई।
फर्जी पहचान, पहले से विवाहित महिला
जांच में सामने आया कि जिस महिला ‘सुमन’ से शादी कराई गई, वह पहले से विवाहित है और उसके तीन बच्चे हैं। उसका असली नाम मुस्कान है तथा पति का नाम परवेज बताया गया। आरोप है कि वह फर्जी पहचान के साथ हिंदू बनकर शादी करती थी। गिरोह का मुख्य उद्देश्य लोगों को झांसे में लेकर नकदी और जेवरात हड़पना था।
जेवरात भी हड़पने का आरोप
वादी के अनुसार, शादी के समय चांदी की पायल, बिछुआ, मंगलसूत्र और माता जी की माला दी गई थी, जिन्हें आरोपियों ने अपने पास रख लिया। इस तरह धमकी देकर धन और आभूषणों की वसूली की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने तत्काल संज्ञान लिया। अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी बल्दीराय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
थाना प्रभारी धनपतगंज नन्दलाल मय पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बेनीपुर अंडरपास थाना धनपतगंज क्षेत्र से अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त
सुनील कुमार (35) पुत्र रामरूप प्रसाद, निवासी विशुनपुर बेतालपुरा, थाना गौरी बाजार, देवरिया
मुस्कान उर्फ सुमन उर्फ प्रियंका (23) पत्नी परवेज, निवासी लंगड़ा बाजार, थाना भलुअनी, देवरिया
शशि भारती (26) पत्नी श्याम बिहारी, निवासी बेतालपुर, थाना गौरी बाजार, देवरिया
रानी निशा (42) पत्नी इकबाल खान, निवासी लंगड़ा बाजार, थाना भलुअनी, देवरिया
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।
एसपी की अपील
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि वे शादी के नाम पर होने वाले ऐसे प्रलोभनों से सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सुल्तानपुर पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।
