बजट पर मुख्यमंत्री जी की प्रेस वार्ता
डिजिटल डेस्क | लखनऊ, 11 फरवरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को विधानसभा सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट की प्रमुख उपलब्धियों और प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह बजट उत्तर प्रदेश को तकनीक, नवाचार, शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की कतार में खड़ा करने वाला है। सरकार का फोकस युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने पर है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि एसटीईएम (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित) और कौशल विकास को उत्तर प्रदेश एआई मिशन से नई मजबूती मिलेगी। बजट में उत्तर प्रदेश एआई मिशन, एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, इंडियन एआई डेटा लैब्स और डेटा सेंटर क्लस्टर की स्थापना का प्रावधान किया गया है। इससे न केवल तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि युवाओं को डिजिटल संसाधनों से जोड़ने के लिए स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत टैबलेट और स्मार्टफोन वितरण के लिए बजट में पर्याप्त प्रावधान किया गया है। इसका उद्देश्य छात्रों और युवाओं को ऑनलाइन शिक्षा, ई-लर्निंग और डिजिटल सेवाओं से जोड़ना है, ताकि वे प्रतिस्पर्धी दुनिया में पीछे न रहें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साइबर सुरक्षा को लेकर भी अहम घोषणा की। उन्होंने कहा कि डिजिटल लेनदेन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए साइबर सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर की स्थापना की जाएगी। इससे आम नागरिकों, व्यापारियों और सरकारी संस्थानों को डिजिटल फ्रॉड से बचाने में मदद मिलेगी।
महिलाओं और बालिकाओं के कल्याण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट में बालिकाओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए नि:शुल्क सेनेटरी नैपकिन उपलब्ध कराने का भी प्रावधान किया गया है। यह कदम बालिकाओं की शिक्षा में निरंतरता बनाए रखने और उनके स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के समग्र विकास का रोडमैप है। तकनीक, शिक्षा, सुरक्षा और सामाजिक कल्याण के संतुलन के साथ तैयार यह बजट प्रदेश को आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
